जानिए, मनचलों ने क्या ऐसा किया कि उस नाबालिग लड़की ने खुद पर केरोसिन छिड़क कर लगा ली आग

दरभंगा, जेएनएन। एपीएम थाना क्षेत्र में सोमवार को एक नाबालिग लड़की ने मनचलों से तंग आकर केरोसिन छिड़क कर शरीर में आग लगा ली। बाद में लोगों की मदद से डीएमसीएच में भर्ती कराया गया। वह काफी झुलस गई है। चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देख पीएमसीएच रेफर कर दिया। लेकिन, स्वजन घर लेकर चले गए।

मां ने कर ली है दूसरी शादी
घटना की बाबत महिला थाने में पीडि़ता के बयान पर चार युवकों को आरोपित किया गया है। इसमें मझहरुल इस्लाम उर्फ गुड्डू, मो. फहीम, मो. अहमद और राकेश कुमार महतो हैं। पीडि़ता के मुताबिक, मां ने दूसरी शादी कर ली। इस वजह से वह दो बहनों के साथ ननिहाल में रह रही है। जहां राकेश कुमार साह घर पर ट््यूशन पढ़ाने आता था। वह शिक्षक से घर के बाहर भी बात करती थी। यह बात पड़ोस के अन्य आरोपितों को बुरी लगी। उसने शिक्षक से बात करने से मना किया।
लगातार कर रहे अश्लील हरकत
कहा कि बात करोगी तो बर्बाद कर देंगे। लड़की ने शिक्षक से बात करना बंद कर दिया। इसके बाद शिक्षक पीछा करने लगा। कुछ दिनों बाद शिक्षक अन्य तीनों के साथ मिलकर अश्लील हरकत भी करने लगा। इस दौरान आरोपितों ने एक तस्वीर ले ली और कट पेस्ट कर उसके सौतेले पिता को भेज दिया। इसके बाद सभी धमकी देने लगे कि तुम साथ रहो, नहीं तो बर्बाद कर देंगे। कुछ दिनों बाद आरोपितों ने लड़की की चाल-चलन को लेकर सौतेले पिता से शिकायत की। तब उसका घर से निकलना बंद हो गया। सोमवार को फिर गुड्डू ने धमकी दी। इसके बाद लड़की ने घर का दरवाजा बंद कर दिया और शरीर पर केरोसिन डालकर आग लगा ली।
थानाध्यक्ष मो. जजा अली ने बताया कि महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

अन्य समाचार